"जानलेवा बना जलीय सूर्य मंदिर के सामने का गड्ढा, आए दिन हो रहे हादसे" मुख्य पथ पर पानी भरे गड्ढे से लोग हो रहे घायल; लोगों में आक्रोश भाजपा प्रवक्ता बिजय चौरसिया ने उपायुक्त से की शिकायत, अविलंब करवाई की मांग


 "जानलेवा बना जलीय सूर्य मंदिर के सामने का गड्ढा, आए दिन हो रहे हादसे"

मुख्य पथ पर पानी भरे गड्ढे से लोग हो रहे घायल; लोगों में आक्रोश
भाजपा प्रवक्ता बिजय चौरसिया ने उपायुक्त से की शिकायत, अविलंब करवाई की मांग


झारखंड का गौरव और आस्था का प्रमुख केंद्र मिर्जागंज-जगन्नाथडीह स्थित जलीय सूर्य मंदिर के मुख्य पथ पर बना गड्ढा अब राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। लगातार हो रही बारिश का पानी गड्ढे में भर जाने के कारण वाहन चालकों को इसकी गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे आए दिन लोग दुर्घटना के शिकार होकर गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। खासकर रात के अंधेरे में स्थिति बेहद भयावह हो जाती है।
मंदिर समिति और स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद न तो पथ निर्माण विभाग और न ही स्थानीय प्रशासन इस ओर ध्यान दे रहा है।
सावन में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ से प्रशासन बेखबर है। लोगों में इसको लेकर आक्रोश पनप रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता बिजय चौरसिया ने शुक्रवार को स्थल का जायजा लिया और जनसमस्याओं का संज्ञान लिया। उन्होंने तुरंत जिले के उपायुक्त से संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया और सड़क की अविलंब मरम्मत की मांग की।
कहा यह मंदिर राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों की सूची में शामिल है, जहाँ देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं। पवित्र श्रावण मास में यहां भगवान शिव के भक्तों और कांवड़ियों का जनसैलाब सा उमड़ता है। इसके बावजूद मुख्य पथ की ऐसी बदहाली पर प्रशासन का आंखें मूंद लेना समझ से परे है। श्री चौरसिया ने पूछा कि क्या सरकार किसी बड़े हादसे के इंतजार में है?"
भाजपा प्रवक्ता ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मीडिया में पर्यटन स्थलों के विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर हकीकत बिल्कुल उलट है। जब इतने ख्यात पर्यटन स्थल और मुख्य मार्ग का यह हाल है, तो दूर-दराज के इलाकों का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
उन्होंने याद दिलाया कि हर साल सावन शुरू होने से पहले प्रशासनिक अधिकारी यहां आकर निरीक्षण करते थे, मंदिर समिति व स्थानीय दुकानदारों से संवाद कर समस्याओं का समाधान निकालते थे। लेकिन इस वर्ष प्रशासन पूरी तरह से उदासीन बना हुआ है।
उन्होंने उपायुक्त से अविलंब गड्ढे को स्थाई रूप से भरने और यहां की बिजली व्यवस्था को सुचारू करने की बात कही।
मौके पर स्थानीय समाजसेवी सीताराम साव, मंदिर के व्यवस्थापक लक्ष्मण राय, समिति के सदस्य रामलखन राम, चुरामन राम, प्रिंस दराद, जितेंद्र राय, सुमित यादव, संतोष पांडेय, रौशन साव, पंकज पांडेय, प्रेमदीप राय, टूपलाल साव इत्यादि की उपस्थिति रही। 

टिप्पणियाँ