"भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता बिजय चौरसिया का आंदोलनरत छात्रों से एक भावुक और मुखर अपील"
"भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता बिजय चौरसिया का आंदोलनरत छात्रों से एक भावुक और मुखर अपील"
"भाजपा प्रवक्ता ने झारखंड में हुई परीक्षा धांधली को लेकर रांची में आंदोलन कर रहे छात्र संगठनों के नाम एक मार्मिक पत्र जारी किया है"
"उन्होंने छात्रों के बेदाग़ आंदोलन की तारीफ़ करते हुए कुछ सुझाव भी दिए"
संघर्ष की भट्टी में तपते झारखंड के युवा, आपके धैर्य को जोहार!
मेरे प्यारे झारखंडी भाइयों, बहनों और मेरे बच्चों,
आज यह अपील सिर्फ कुछ शब्द नहीं हैं, बल्कि उस दर्द, उस फिक्र और उस असीम गर्व की अभिव्यक्ति है, जो हमलोग पिछले सात दिनों से आपको देखकर महसूस कर रहे हैं। आप अपने हक, अपने न्याय और झारखंड के भविष्य के लिए जिस तरह डटे हैं, उसने पूरे प्रदेश की अंतरात्मा को झकझोर दिया है।
आपके कष्ट हमारी आंखों में हैं
बीते सात दिनों से आपने चिलचिलाती धूप झेली है और भारी बारिश में खुद को भीगने दिया है। कुछ मिल गया तो खा लिया, नहीं तो कई रातें आपने फाकों में गुजारी हैं। इस संवेदनहीन सरकार ने आपको सिर छिपाने के लिए एक त्रिपाल तक नहीं लगाने दिया, लेकिन आपके इरादे नहीं डिगे। हमलोग विशेषकर अपनी बहनों और बच्चियों के कष्ट को गहराई से महसूस कर रहे हैं। वहां न पर्याप्त शौचालय हैं, न पीने का पानी। इन अमानवीय परिस्थितियों के बावजूद, आप जिस अडिगता से खड़े हैं, वह वंदनीय है।
"आपने बापू के आदर्शों को जिया है"
आपका यह आंदोलन सिर्फ इसलिए महान नहीं है कि आप अपने हक के लिए लड़ रहे हैं, बल्कि इसलिए भी महान है क्योंकि आपने 'शांति और मर्यादा' का एक अभूतपूर्व कीर्तिमान स्थापित किया है।
* आपने किसी को अपशब्द नहीं कहे, न ही अश्लील भाषा या पोस्टर का सहारा लिया।
* सरकारी संपत्तियों को खरोंच तक नहीं आने दी और न ही पत्थरबाजी की।
* आपने न देश को गाली दी, न सेना के शौर्य पर प्रश्नचिह्न लगाया, न कश्मीर की बातें कीं और न ही किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत किया।
आज सिर्फ देश ही नहीं, पूरी दुनिया आपको निहार रही है। आपके समर्थन में जो भाई अनशन पर बैठे हैं, उनकी तपस्या व्यर्थ नहीं जाएगी।
"हमलोग और हमारी पार्टी पूरी मजबूती से आपके साथ हैं"
एक बात मैं स्पष्ट कर दूं कि हमारी पार्टी शुरू से ही आपकी मांगों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। आपको न्याय दिलाने के लिए हमारी भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की टीम ने JPSC कार्यालय का ऐतिहासिक घेराव किया। पूरे राज्य में हमारी पार्टी ने मशाल जुलूस और विशाल प्रदर्शन रैलियां निकालकर इस सोई हुई सरकार पर आपकी मांगें मानने का भारी दबाव बनाया है। इतना ही नहीं, हमारे आदरणीय नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी जी और हमारे प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू जी ने आपकी मांगों की गंभीरता और इस संकट से केंद्र सरकार को भी पूरी तरह अवगत करा दिया है।
बावजूद इसके, हम प्रत्यक्ष रूप से आपके मंच पर इसलिए नहीं आ रहे, क्योंकि हमलोग नहीं चाहते कि आपके इस पवित्र आंदोलन पर किसी राजनैतिक पार्टी की मुहर लगे। हमें इसका कोई राजनैतिक श्रेय नहीं चाहिए। यह आपकी अपनी लड़ाई है, लेकिन हम सड़क से लेकर सदन तक आपके अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं और आपके लिए जो बन पड़ेगा, वह पूरी शिद्दत से करेंगे।
"एक फिक्रमंद की चेतावनी : कॉकरोच पार्टी और विवादित चेहरों से रहें दूर"
आपकी सफलता बिल्कुल सुनिश्चित है। सरकार को झुकना ही होगा, गड़बड़ियों वाली परीक्षाएं रद्द करनी होंगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। लेकिन, इस निर्णायक मोड़ पर मेरी आपसे करबद्ध विनती है: अपने इस पाक-साफ़ आंदोलन को बाहरी और विवादित तत्वों को बुलाकर अपवित्र न करें।
मुझे जानकारी मिली है कि आपके कुछ प्रतिनिधियों ने फोन पर 'कॉकरोच पार्टी' के अभिजीत दीपके से बात कर उन्हें यहां आने का निमंत्रण दिया है। हालांकि, मैंने देखा है कि एक इंटरव्यू में वे कह रहे हैं कि उन्हें टाइफाइड है और वे बिना ठीक हुए कहीं नहीं जा सकते।
मेरा और हम सबका आपसे स्पष्ट कहना है कि आप किसी ऐसे व्यक्ति को अपना मंच न सौंप दें, जिससे आपके इस बेदाग आंदोलन पर कोई धब्बा लगे। आपने हाल ही में उनके और उनके जैसे लोगों के आंदोलनों का स्वरूप और चरित्र देखा है—कैसे वहां विवादित बोल बोले गए, सरकारी संपत्तियों का नुकसान किया गया, धर्म को नीचा दिखाया गया, अश्लील बयान दिए गए और जमकर पत्थरबाजी व हुड़दंग हुआ।
पता नहीं उनकी टीम से कौन आए और आपके पवित्र मंच से क्या बोल कर चला जाए। आपका हफ्तों का त्याग पल भर में विवादों की भेंट चढ़ सकता है। मेरी यही विनती है कि आप ऐसा न करें। अपना आंदोलन आप खुद खराब न होने दें।
जीत आपकी होगी, श्रेय भी आपका होगा
कुछ दिन और धैर्य रखें। जब धूप आपने खुद सही है, मेहनत आपने खुद की है, तो अपनी जीत का सेहरा और श्रेय भी खुद ही लें। हम सबकी और पूरी पार्टी की शुभकामनाएं आपके साथ हैं। जो विद्यार्थी अनशन पर बैठ रहे हैं, उन्हें भी हमारा नमन है।
आप जीवन के इस पड़ाव में भी सफल होंगे और आने वाले हर मोर्चे पर भी।
जोहार! जय मां भारती!

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें